ये खिलाड़ी बन सकते है प्रो कबड्डी के एक हजार क्लब के सदस्य
These players can join 1000 club of Pro Kabaddi
आज तक, प्रो कबड्डी लीग के सात सत्र बीत चुके हैं। यदि आप इन सात सत्रों के आंकड़ों को देखें, तो केवल दो खिलाड़ी ही 1,000 अंकों के निशान तक पहुंचने में सफल रहे हैं।यह दो खिलाड़ी हैं, परदीप नरवाल और राहुल चौधरी। अभी तक परदीप ने 1169 अंक बनाए हैं जबकि राहुल ने 1014 अंक बनाए हैं। इस लेख में हम उन खिलाड़ियों पर एक नज़र डालेंगे जो आने वाले सीज़न में एक हजार अंकों के मील के पत्थर तक पहुंच सकते हैं।
1. दीपक निवास हुड्डा –
दीपक वर्तमान में प्रो कबड्डी लीग में तीसरे सर्वोच्च स्कोरिंग खिलाड़ी हैं। उन्होंने 943 अंक बनाए हैं। दीपक को 1000 अंक तक पहुंचने के लिए केवल 57 अंक चाहिए। दीपक के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए, इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए बहुत आसान काम होगा। दीपक ने पिछले तीन सत्रों में 150 से अधिक अंक बनाए हैं। वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। प्रो कबड्डी लीग में मैचों की संख्या को देखते हुए, दीपक पहले 8-9 मैचों में 1000 अंक बना सकते हैं।
2. अजय ठाकुर –
भारत के पूर्व कप्तान अजय ठाकुर प्रो कबड्डी लीग में एक स्टार खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं। अंक हासिल करने के लिए बुद्धिमानी से अपनी ऊंचाई का उपयोग करने की उनकी क्षमता सराहनीय है। अजय ने अब तक 811 अंक हासिल किए हैं। चोट के कारण अजय ने पिछले सीजन में केवल 13 मैच खेले थे। हालांकि, पांचवें और छठे सीज़न में, उन्होंने 200 से अधिक अंक बनाए। अजय को 1,000 अंक तक पहुंचने के लिए 189 अंक चाहिए। अगर अजय अगले सीजन में अपने क्षमता के अनुसार खेलते हैं, तो उन्हे इस मुकाम तक पहुंचना मुश्किल नही होगा।
3.पवन कुमार सेहरावत –
प्रो कबड्डी लीग में सबसे ज्यादा अंक बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पवन फिलहाल छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 716 अंक बनाए हैं। इसका मतलब है कि 1000 अंकों तक पहुंचने के लिए पवन को 284 अंक चाहिए। पिछले दो सत्रों में पवन के फॉर्म को देखते हुए, वह आगामी सत्र में 1000 अंकों के स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रो कबड्डी के पांचवें सत्र में 282 अंक और सातवें सत्र में 360 अंक बनाए थे। यह आशा की जाती है कि यदि पवन अगले दो सत्रों के लिए अपने फॉर्म को बनाए रखता है तो वह 1000 अंक तक पहुंचने में सक्षम होगा।